रायपुर

आईपीएल के मैचों पर अंधड़ बारिश का साया
09-May-2026 8:58 PM
आईपीएल के मैचों पर अंधड़ बारिश का साया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 9 मई। शुक्रवार की तरह शनिवार को भी दोपहर बाद राजधानी और दुर्ग में अंधड़ के साथ बारिश हुई। मौसम का यह रूख अगले पांच दिनों तक बना रहेगा। इस वजह से आईपीएल के अगले दोनों मैचों पर अंधड़ बारिश का साया बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार 15 मई तक रायपुर और आसपास शाम 4- 7 बजे के दरम्यान 30-40 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। वहीं हल्की बारिश भी होगी। इस वजह से तापमान में 2-3 डिग्री की घट बढ़ बनी रहेगी। फिर भी पिछले सप्ताह की तुलना में तापमान में काफी गिरावट आ गई है।

शनिवार को दोपहर प्रदेश में तापमान 40 डिग्री से नीचे आ गया है। दोपहर ढाई बजे दर्ज तापमान के अनुसार अंबिकापुर में 35-2, बिलासपुर में 37-6, पेंड्रा में 30.8,रायपुर में 38.2,और जगदलपुर में 34-4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। पेंड्रा में तो सुबह बारिश भी हुई।

वहीं कल के पूर्वानुमान के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम उत्तर प्रदेश और उससे लगे उत्तराखंड के ऊपर 5.8 किलोमीटर से 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक द्रोणिका मध्य पाकिस्तान से उत्तर पश्चिम बांग्लादेश तक 1.5 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। एक द्रोणिका/हवा की अनियमित गति कोमोरिन क्षेत्र से दक्षिण पश्चिम राजस्थान तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक द्रोणिका दक्षिण पश्चिम उत्तर प्रदेश से उत्तर अंदरूनी उड़ीसा तक छत्तीसगढ़ होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। प्रदेश में रविवार को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है।

प्रदेश में एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चलने तथा वज्रपात होने की संभावना है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।


अन्य पोस्ट