रायपुर
रायपुर, 8 मई। राज्य शासन ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारियों के कार्यभार में फेरबदल करते हुए नई पदस्थापनाएं जारी की हैं। शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन से जुड़े महत्वपूर्ण पदों पर बदलाव किए गए हैं। इस कड़ी में पुष्पा साहू की जगह रोक्तिमा यादव को कोरिया कलेक्टर बनाया गया है। वर्ष 2012 बैच की आईएएस अधिकारी पुष्पा साहू को सचिव, माध्यमिक शिक्षा मंडल नियुक्त किया गया है। 6 मई को जारी आदेश में उन्हें कलेक्टर, कोरिया पदस्थ किया गया था, जिसे आंशिक रूप से संशोधित करते हुए अब उन्हें माध्यमिक शिक्षा मंडल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।वहीं वर्ष 2016 बैच की आईएएस अधिकारी रोक्तिमा यादव को कोरिया जिले का नया कलेक्टर बनाया गया है। वे आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से इस पद का कार्यभार संभालेंगी। पूर्व में 6 मई के आदेश में उन्हें आयुक्त, उच्च शिक्षा नियुक्त किया गया था, जिसे संशोधित करते हुए अब कलेक्टर, कोरिया पदस्थ किया गया है।


