रायपुर
चंगोराभाठा बाजार में लूट का तीसरा मामला, वारदात के बाद बदमाश बस्तियों में भाग जाते
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 मई। चंगोराभाठा सप्ताहिक बाजार में महिला का पर्च लूटने का मामला सामने आया है। सब्जी खरीदने के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात ने महिला का पर्स झपटमारी कर दी।
रायपुरा स्थित शांति इन्क्लेव निवासी सुरेखा दास ने बताया कि वह 6 मई की शाम को चंगोराभाठा बाजार सब्जी खरीदने गई थीं। उनके पास हल्के हरे रंग का पर्स था, जिसमें मोबाइल फोन, नगदी , आधार कार्ड और घर की चाबी रखी हुई थी।
शाम करीब 7 बजे बाजार में सब्जी खरीदने के दौरान किसी अज्ञात युवक ने भीड़ का फायदा उठाकर उनके हाथ में रखा पर्स झपट लिया और मौके से फरार हो गया। पर्स में मोबाइल फोन आधार कार्ड और 3500 रुपए नगद रखे हुए थे।
घटना के बाद महिला ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन आरोपी का कोई पता नहीं चला। पुलिस अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से जांच में जुटी हुई है।
चंगोराभाठा बाजार में इससे पहले भी पर्स, मोबाइल और चेन स्नेचिंग की घटनाएं हुई हैं। इसमें लोगों ने बाजार के आसपास रहने वालों पर संदेह जताया है। इलाके में अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का जमावड़ा रहता है।
जो बाजार और भीड़भाड़ वाले जगहों पर खरीदारी के बहाने घूमते रहते हैं। और महिला, असाहाय लोगों को टारगेट कर घटना को अंजाम देकर बस्ती में भाग जाते हैं। इससे पहले भी चंगोराभाठा बिजली आफिस के पास डिलीवरी ब्वॉय पर चाकू से हमले की घटना भी सामने आई थी।


