रायपुर
विनय की पत्नी बोली - वह 15 दिन से बाहर है
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 मई। रावाभाठा बम मामले में एक और नया मोड़ आ गया है। बम और बम बनाने वाली सामग्री से भरा बैग आखिर किसने मितानिन पुष्पा साहू के घर छोड़ा था। हालांकि पुलिस ने विनय देवांगन पर विस्फोटक एक्ट 4,5 के तहत एफआईआर दर्ज कर लिया है। विनय फरार है। गुरुवार को सुबह पुष्पा साहू के घर बम होने की सूचना पर पुलिस,एफएसएल , डाग बम स्क्वाड ने छानबीन कर तीन बम और सामग्री जब्त किया था। इनमें से कुछ डिफ्यूज भी किया था। इस जांच के दौरान खुलासा हुआ था कि यह थैली बीरगांव के ठेकेदार विनय देवांगन ने रखवाया था। विनय, महापौर नंदलाल देवांगन का साला, पार्षद एवज देवांगन का दामाद है। फिर महापौर ने पुलिस को बताया था कि विनय ने उसके साथ हुए विवाद में बम से उसे उड़ा देने की धमकी दी थी। इसके बाद विनय की पत्नी के बयान से नया मोड़ आ गया है। उसने कहा है कि विनय 15 दिनों से बाहर गए हुए हैं। पूरा परिवार उन्हें ढूंढ रहा है। ऐसे में आखिर बम और सामग्री से भरा बैग किसने पुष्पा साहू के घर रख छोड़ा यह भी जांच का विषय बन गया है।पुलिस ने बताया कि उसकी तलाश की जा रही है।


