रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 मई। छत्तीसगढ़ में महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और संपत्ति का स्वामी बनाने सरकार ने उनके नाम पर होने वाले भूमि रजिस्ट्रेशन शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट का निर्णय लिया है। इस फैसले की आधिकारिक अधिसूचन राजपत्र में प्रकाशित कर दी गई है।
बीते दिन रायपुर के 07 पंजीयन कार्यालयों में महिलाओं के पक्ष में कुल 30 दस्तावेजों का पंजीयन हुआ, जिसमें रजिस्ट्री शुल्क में कुल 12,05,623 रुपये का लाभ संबंधित महिला पक्षकारों को प्राप्त हुआ।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी के नेतृत्व में इस पहल का प्राथमिक लक्ष्य महिलाओं को संपत्ति अर्जन के लिए प्रोत्साहित करना है। सरकार का मानना है कि इस छूट से संपत्ति का मालिकाना हक मिलने से महिलाओं की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा बढ़ेगी।
राजपत्र में प्रकाशित अधिसूचना के अनुसार, अब किसी भी अचल संपत्ति के हस्तांतरण के दस्तावेज यदि महिलाओं के पक्ष में निष्पादित किए जाते हैं, तो उन पर लागू होने वाले निर्धारित रजिस्ट्रेशन शुल्क में सीधे 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।