रायपुर

ज्वेलरी शॉप के मैनेजर पर हमला कर 1 करोड़ के गहने लूटे
06-May-2026 6:10 PM
ज्वेलरी शॉप के मैनेजर पर हमला कर 1 करोड़ के गहने लूटे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 6 मई। बदमाशों ने मंगलवार की शाम खरोरा के महावीर ज्वेलर्स के नरदहा स्थित ब्रांच के मैनेजर पर हमला कर करीब 1 करोड़ रुपये के गहने और नकदी लूट लिए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, महावीर ज्वेलर्स के मैनेजर टीकाराम शर्मा रायपुर के नरदहा स्थित ब्रांच से दुकान बंद कर बाइक से खरोरा दूसरी ब्रांच विनायक ज्वेलर्स लौट रहे थे। इसी दौरान शाम करीब साढ़े 7 बजे, रास्ते में बिजली कडक़ी तो वे रुक गए। इलाके में बिजली गुल थी। इसके बाद वे आगे बढ़े तो दो अज्ञात बदमाशों ने उन पर डंडे से हमला कर दिया।सिर पर डंडे से वार की वजह से वे गिर गए और बेहोश हो गए। हमले के बाद बदमाश मैनेजर के पास मौजूद झोला छीनकर फरार हो गए। झोले में करीब 350 ग्राम सोना, 10 किलो चांदी और नकदी रकम रखी थी। कुल लूट की कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हडक़ंप मच गया। रायपुर ग्रामीण की एसपी मनीषा ठाकुर रावटे और रायपुर सिटी के डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला मौके पर पहुंचेऔर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

हालांकि, शुरुआती जांच में पुलिस इस घटना को लेकर कुछ संदेह भी जता रही है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। फिलहाल खरोरा अस्पताल में घायल मैनेजर के सिर पर टांके लगाने के बाद सीटी स्कैन के लिए रिफर किया गया है। इलाज जारी है और पुलिस जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।


अन्य पोस्ट