रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 मई। छत्तीसगढ़ में बिजली बिल न पटाने वाले दिग्गजों ने अपनी साख बचाने भुगतान करना शुरु कर दिया है । इनमें आईएएस एसोसिएशन और कांग्रेस भवन जैसे बड़े नाम भी डिफॉल्टरों की सूची में शामिल थे। अपनी छवि को बचाने इन संस्थानों ने आनन-फानन में बकाया राशि जमा कर रसीद कटवा ली है। जानकारी के मुताबिक आईएएस एसोसिएशन ने लगभग 21 लाख 25 हजार रुपए, तो वहीं कांग्रेस कार्यालय की ओर से लगभग 8 लाख 75 हजार रुपए का बिल जमा कर दिया है । इसकी पुष्टि बी एल वर्मा,अतिरिक्त मुख्य व्यय प्रबंधक, सीएसपीडीसीएल ने की है। बता दें कि छत्तीसगढ़ में बिजली विभाग के करोड़ों रुपये रसूखदारों के पास फंसे हुए थे। इनमें नेता,अफसर और बड़े संस्थान शामिल हैं । बकाया राशि जमा नही करने से सरचार्ज की राशि भी बढ गई । स्थिति को देखते हुए बिजली कंपनी की ओर 'मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना' चालू की गई।इसमें सरचार्ज को 100 प्रतिशत तक माफ किया जा रहा है । अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक अब तक इस योजना के लिए 7.5 लाख उपभोक्ताओं ने पंजीयन किया है जिनमें से एक लाख उपभोक्ताओं का बिजली का बिल अब शून्य हो गया है । इसके अलावा लगभग 4 लाख निष्क्रिय उपभोक्ताओं को स्वत शामिल कर लिया गया । योजना के तहत अब तक बिजली कंपनी को लगभग 51 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हो चुका है । यह जीत उन आम उपभोक्ताओं की भी है जो समय पर बिल भरते हैं। इस मुहिम ने साबित कर दिया है कि नियम सबके लिए बराबर हैं, चाहे वह कोई बड़े अफसर हो या कोई राजनीतिक दल।