रायपुर
विशेष अदालत ने एक ही दिन में चार मामलों में सुनाया फैसला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 मई। नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ न्यायपालिका का रुख लगातार सख्त होता जा रहा है। रायपुर की अदालत ने एक दिन में कई मामलों में अपना जजमेंट देते हुए एनडीपीएस विशेष जज पंकज कुमार सिन्हा ने आरोपियों को कठोर सजा सुनाई है। न्यायाधीश ने कहा की गांजा,ड्रग्स के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।
कई मामलों में 10 से 20 वर्ष तक के कठोर कारावास के साथ जुर्माना भी लगाया गया। एक मामले में तो अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का खुलासा होने के बाद दोषियों को 20-20 साल की सजा और लाखों रुपए का जुर्माने की सजा दी गई। इसी तरह अन्य मामलों में ड्रग नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस और न्यायालय दोनों स्तर पर सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
मंगलवार को विशेष अदालत में चार एैसे फैसले किए जो अवैध तस्करी पर कठोर कदम साबित होगा। जज ने फैसले के दौरान एक मामले में कोडीन कफ सिरप तस्करी दो को 15-15 साल की सजा। टिकरापारा इलाके से गिरफ्तार आरोपियों को कठोर कारावास और 1.50 लाख-1.50 लाख के जुर्माने से दंडित किया।
अभियोजन इस मामले में वकील केके चंद्राकर ने बताया कि 23 दिसंबर 2022 को लक्ष्मी नगर में छापेमारी के दौरान आरोपियों कपिल सांखला और तनवीर खान के कब्जे से कुल 11.2 लीटर प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया गया था। टिकरापारा पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया था। जहां अदालत ने गवाहों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ 21(ष्ट)के तहत दोषसिद्धि करते हुए सजा सुनाई। जुर्माना अदा नहीं करने पर अतिरिक्त 3 वर्ष की सजा का प्रावधान भी रखा गया।
रेलवे स्टेशन से 37 किलो गांजा जब्त, तीन आरोपियों को 10-10 साल जेल
रायपुर रेलवे स्टेशन से गांजा तस्करी के मामले में अदालत ने तीन आरोपियों को दोषी ठहराते हुए 10-10 वर्ष के कठोर कारावास और 1 लाख के जुर्माने से दंडित किया।
जीआरपी कार्रवाई में आरोपियों अनिल द्विवेदी, शैलेंद्र कुमार और लखन वासुदेव के पास से कुल 37.8 किलो गांजा बरामद हुआ था।
अदालत ने 20( बी)२(बी) के तहत सजा सुनाते हुए कहा कि अभियोजन पक्ष ने मामला संदेह से परे सिद्ध किया है।
गांजा तस्करी करने वाले दो आरोपी को 10-10 साल सजा
आजाद चौक थाना क्षेत्र में पुलिस ने बाइक सवार दो युवकों को 11 किलो 600 ग्राम गांजा के साथ पकड़ा था। इस मामले में आरोपियों सूरज सरदार और रंजन मंडल को अदालत ने 10-10 वर्ष के कठोर कारावास और 1 लाख-1 लाख के जुर्माने से दंडित किया। अदालत ने स्पष्ट किया कि नशे के बढ़ते प्रचलन को देखते हुए ऐसे मामलों में नरमी नहीं बरती जा सकती।
दो चाकूबाज को 7-7 साल कैद
खमतराई थाना क्षेत्र में हुए जानलेवा हमले के मामले में भी अदालत ने सख्त फैसला सुनाया। आरोपी लोकेश यादव और मेघराज साहू को 307 सहपठित धारा 34 के तहत 7-7 वर्ष की सजा और जुर्माने से दंडित किया गया। मुख्य आरोपी लोकेश यादव को आर्मस एक के तहत अतिरिक्त सजा भी दी गई।
ड्रग तस्करी पर ‘जीरो टॉलरेंस’
इन सभी मामलों में अदालत ने धारा 428 के तहत हिरासत अवधि का लाभ भी देने के निर्देश दिए हैं, वहीं जब्त मादक पदार्थों को नियमानुसार नष्ट करने के आदेश भी जारी किए गए। पुलिस और न्यायपालिका दोनों स्तर पर ड्रग नेटवर्क को खत्म करने के लिए सख्त कार्रवाई की जा रही है।