रायपुर

महिला के दस्तावेजों से 14 फर्जी सिम नंबर, पीओएस संचालक पर धोखाधड़ी का केस
06-May-2026 6:05 PM
महिला के दस्तावेजों से 14 फर्जी सिम नंबर, पीओएस संचालक पर धोखाधड़ी का केस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 6 मई। राजधानी के आमानाका थाना क्षेत्र में फर्जी सिम कार्ड जारी करने का मामला सामने आया है, जिसमें एक महिला के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर कई सिम जारी किए गए। यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय, छत्तीसगढ़ से प्राप्त निर्देशों के बाद की गई जांच में सामने आई है। पुलिस के अनुसार, जिले में संचालित पॉइंट ऑफ सेल की जांच की जा रही थी। जांच के दौरान संदिग्ध मोबाइल नंबरों और उनसे जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल में पूजा साहू, निवासी वीर शिवाजी नगर, डबरापारा, महोबा बाजार का नाम सामने आया।

जिसे बुलाकर पूछताछ करने पर पूजा साहू ने बताया कि उनके नाम से जारी किए गए मोबाइल नंबरों की उन्हें कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने ये सिम कार्ड लिए और न ही कभी उनका उपयोग किया। महिला ने आरोप लगाया कि महोबा बाजार स्थित दीपा मोबाइल शॉप के संचालक ने उनके दस्तावेजों का गलत उपयोग कर सिम कार्ड जारी कर अन्य लोगों को बेचे। पुलिस जांच में सामने आया कि दीपा स्टीडी पीसीओ के एजेंट महेश तिवारी ने पूजा साहू सहित अन्य लोगों के पहचान पत्र और फोटो का उपयोग कर 3 सिम कार्ड उनके नाम पर और 11 अन्य सिम अलग-अलग लोगों के नाम पर जारी किए गए। पुलिस ने मामले में धारा 318(4) के तहत खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।


अन्य पोस्ट