रायपुर
बंगाल-असम में जीत पर साव के निवास में जश्न
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 4 मई। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज पश्चिम बंगाल में और असम, पुडुचेरी, तमिलनाडु में एनडीए की सरकार बनने के रुझान पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि, स्पष्ट रूप से दिख रहा है कि पश्चिम बंगाल की जनता ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा। पश्चिम बंगाल में स्पष्ट रूप से कमल खिल रहा है। हमारे नेताओं ने कहा था कि टीएमसी को टाटा बाय बाय करेगी, पश्चिम बंगाल की जनता ने खेला कर दिया है। टीएमसी को टाटा बाय बाय कर दिया है। श्री साव ने कहा कि, पश्चिम बंगाल की जनता के साथ जिन्होंने अत्याचार, अनाचार किया, माताएं और बहनों का अपमान किया, उसको सबक सिखाया है। पश्चिम बंगाल की जनता ने सनातन को अपमानित करने वालों को सबक सिखाया है और आज पांच राज्य की जनता बीजेपी, नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व के साथ खड़ी है। यह अब तक के रुझानों से स्पष्ट होता है।
श्री साव ने कहा कि, असम में इतिहास बना है। लगातार तीसरी बार कांग्रेस के सारे हथकंडे के बावजूद हमारे लोकप्रिय मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा को व्यक्तिगत रूप से बदनाम करने का षड्यंत्र किया। उन सारे षड्यंत्रों को असम की जनता ने धता बताया और इतिहास बनाते हुए लगातार तीसरी बार असम में भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की सरकार बनने जा रही है।


