रायपुर

बंगाल-असम में जीत पर भाजपा दफ्तर में जश्न
04-May-2026 6:08 PM
बंगाल-असम में जीत पर भाजपा दफ्तर में जश्न

विकास और राष्ट्रवाद को बताया जनादेश का आधार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 4 मई। भारतीय जनता पार्टी  के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों में भाजपा एवं राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को मिली सफलता पर हर्ष व्यक्त किया है। सोमवार दोपहर बाद राजधानी के भाजपा जिला कार्यालय में जश्न का माहौल रहा। नेता कार्यकर्ताओं के ढोल नगाड़े के साथ उत्साह मनाया साथ की बंगाल में जीत को लेकर कार्यकर्ताओं में भेल और झाल मुड़ी बांटी। साथ ही प्रदेश के नेताओं ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, विकास नीति और राष्ट्रवादी विचारधारा की जीत बताया।

प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने पश्चिम बंगाल के परिणामों को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि राज्य में पहली बार भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने की ओर अग्रसर है। उन्होंने इसे श्यामाप्रसाद मुखर्जी के विचारों को सच्ची श्रद्धांजलि बताया और कहा कि जनता ने ‘एक विधान, एक निशान, एक प्रधान’ के संकल्प पर अपनी मुहर लगाई है। असम में लगातार तीसरी बार भाजपा की वापसी को उन्होंने विकास और स्थिरता की जीत बताया, वहीं पुडुचेरी में गठबंधन की सफलता को सेवा और समर्पण की राजनीति का परिणाम कहा।

छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी चुनाव परिणामों को ‘विकास और राष्ट्रवाद’ की जीत करार दिया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल का जनादेश ऐतिहासिक है और असम में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी से स्पष्ट है कि पूर्वोत्तर भारत अब विकास की मुख्यधारा में मजबूती से जुड़ चुका है। पुडुचेरी में सफलता को उन्होंने ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र की स्वीकार्यता बताया।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इन परिणामों को तुष्टीकरण और अराजकता पर राष्ट्रवाद की जीत बताते हुए कहा कि इससे देशभर के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पारंपरिक क्षेत्रों से आगे बढक़र पूर्व और दक्षिण-पूर्व भारत में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।

भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पाण्डेय ने इसे लाखों कार्यकर्ताओं के संघर्ष का परिणाम बताते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार का गठन तुष्टीकरण की राजनीति के अंत और विकासवाद की शुरुआत है। असम में लगातार तीसरी बार जीत को उन्होंने सुशासन की विजय बताया।

वहीं, भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लता उसेण्डी ने कहा कि इन चुनाव परिणामों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि सुदूर पूर्व और दक्षिण-पूर्व भारत में राष्ट्रवादी राजनीति अब मुख्यधारा का हिस्सा बन चुकी है। उन्होंने इसे ‘डबल इंजन सरकार’ पर जनता के विश्वास का प्रमाण बताया और कहा कि भाजपा अब पूरे देश में व्यापक स्वीकार्यता प्राप्त कर चुकी है।

नेताओं ने इस विजय के लिए पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व, राज्यों के संगठन और करोड़ों कार्यकर्ताओं के योगदान को सराहा और जनता का आभार व्यक्त किया।


अन्य पोस्ट