रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 4 मई। आप नेताओं ने कहा कि राजधानी रायपुर में उत्पन्न भीषण पेयजल संकट ने आम नागरिकों का जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर के अनेक क्षेत्रों—चंगोराभाटा, रायपुरा, मोवा, पंडरी, सुंदर नगर सहित कई इलाकों में लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरसने को मजबूर हैं।
पत्रकार वार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष अनुषा जोसेफ, कर्मचारी विंग के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार झा, एवं लोकसभा अध्यक्ष अजीम खान ने कहा कि राजधानी में लगातार जल स्तर गिर रहा है, रायपुर के ज़ोन 1 में ठक्कर बाबा वार्ड में रोजाना पानी के लिए लोग सो नहीं रहे हैं। ज़ोन 3 के खम्हारडीह का पूरा इलाका जो लगभग 30000 है 90 फ़ीसदी लोग पेयजल संकट से गुजर रहें हैं। ज़ोन 5 के वार्ड 3,वार्ड 67 वार्ड 68 वार्ड 69 में पानी के हालत गंभीर बने हुए हैं. ज़ोन 6 के प्रोफेसर कॉलोनी शिवाजी नगर परशुराम नगर मारुति नगर में आधा हिस्सा प्रभावित है।
ज़ोन 9 में दुबे कॉलोनी दलदल सिवनी जोरा लाभांडी कचना साडू सहित इलाके में भूजल संकट बना हुआ है। कचना के जीएडी कॉलोनी में जहां 2009 सरकारी अधिकारी और कर्मचारियों का परिवार है लगातार 15 दिनों से पानी की दिक्कत बनी हुई है।
वहीं ज़ोन 4 में रवि शंकर शुक्ला वार्ड, ब्राह्मण पारा यादव पारा में पिछले 10 दिनों से लोग प्रेशर की समस्या बनी हुई है। हालात इतने भयावह हो चुके हैं कि टैंकर पहुंचते ही लोगों की भीड़ उस पर टूट पड़ती है, मानो पानी नहीं बल्कि जीवन बांटा जा रहा हो।


