रायपुर
2 चाकूबाज गिरफ्तार, वारंटियों की धरपकड़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 4 मई। शहर पुलिस ने मध्य जोन में कल रात विशेष चेकिंग अभियान चलाया । इस दौरान कालीबाड़ी चौक, जयस्तंभ चौक, फाफाडीह चौक, अग्रसेन धाम टर्निंग तथा फुंडहर चौक (एक्सप्रेस-वे) पर सघन नाकेबंदी कर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की बारीकी से जांच की गई।
इस दौरान कार एसयूवी में ब्लैक फिल्म के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। इसमें लगभग एक दर्जन वाहनों से अवैध ब्लैक फिल्म हटवाकर चालानी कार्यवाही की गई।
इसके अतिरिक्त एक विशेष टीम को अड्डेबाजी करने वाले तत्वों एवं सक्रिय बदमाशों की चेकिंग के लिए रवाना किया गया। दुर्गा कॉलेज के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा। उसकी तलाशी में बटनदार चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में उसने अपना नाम गणेश वर्मा, पिता लच्छू वर्मा, उम्र 21 वर्ष, निवासी अशोक नगर गुढिय़ारी बताया। गोपाल दास मानिकपुरी, पिता भगवान दास, 37 निवासी चुनाभट्टी शिव मंदिर के पास को शराब भ_ी गंज के पास चाकू के साथ पकड़ा। दोनों को आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत गिरफ्तार किया गया।


