रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 2 मई। डीडीनगर इलाके के आरडीए कॉलोनी रायपुरा में शुक्रवार देर रात पैसे के लेन-देन विवाद में एक व्यक्ति ने महिला की बाइक में आग लगा दी। इस आगजनी में आसपास खड़े अन्य वाहन और घर का सामान भी जलकर खाक हो गया।
साक्षी योगी निवासी एल ब्लॉक आरडीए कॉलोनी, ने पुलिस को बताया कि आरोपी विरेन्द्र कृपलानी उर्फ बंटी पूर्व में भी पैसे वापस न करने पर उसकी गाड़ी जलाने की धमकी दे चुका था।
घटना 1 मई की रात करीब 2.30 बजे की है। आरोपी कॉलोनी के नीचे पहुंचकर साक्षी योगी को नाम लेकर गाली-गलौज करने लगा और पैसा वापस नहीं देने पर गाड़ी जलाने की धमकी दी। साक्षी के अनुसार, वह बालकनी में आकर विरोध कर ही रही थी कि आरोपी ने देख तेरी गाड़ी जलाता हूं कह कर घर के सामने रखी बाइक मेें आग लगा दी। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
इस बीच आग इतनी तेजी से फैली कि पास में खड़ी पड़ोसी आकाश अठवानी की एक्टिवा भी उसकी चपेट में आ गई। वहीं आग नीचे स्थित मकान तक पहुंच गई। जहां हरप्रीत सिंह के घर का कूलर, वॉशिंग मशीन और लकड़ी का पलंग सहित अन्य घरेलू सामान जल गया। घटना के दौरान आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया और घर में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ आगजनी, धमकी और गाली-गलौज की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश जारी है।


