रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 2 मई। उत्कृष्ट ब्राह्मण सामाजिक संगठन समग्र ब्राह्मण परिषद् छत्तीसगढ़ द्वारा कल रविवार को पुरानी बस्ती स्थित महामाया मंदिर स्थित सत्संग भवन में प्रदेश स्तरीय सामूहिक उपनयन संस्कार का आयोजन किया गया है, जिसमें 71 ब्राह्मण बटुकों का संस्कार होगा। संगठन के मुख्य सलाहकार एवं कार्यक्रम संयोजक डा.भावेश शुक्ला पराशर ,
संगठन के प्रदेश सचिव पं.सजल तिवारी एवं महामाया मंदिर व्यवस्थापक पं विजय कुमार झा ने बताया कि संस्कार से पहले पारंपरिक विधियों जैसे तेलमाटी, मंडपाच्छादन, मातृका पूजन और हरिद्रालेपन आदि अनुष्ठान किए जाएंगे। इसके बाद बटुकों का मुंडन संस्कार और फिर यज्ञोपवीत धारण कराया जाएगा.
श्री झा ने बताया है कि दोपहर यज्ञोपवीत संस्कार में लगभग 1000 लोगों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम पश्चात संध्या 6 बजे शोभायात्रा बाजे-गाजे, आतिश बाजी के साथ महामाया मंदिर से ठेठ वार भवन, अग्रसेन भवन, जैतू साव मठ, एवं दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर बावली से होते हुए वापस महामाया मंदिर रामगढ़ पहुंचेगी।


