रायपुर

श्रम श्री-सृजन श्री व कला श्री अलंकरण से सम्मानित हुए श्रमिक
02-May-2026 9:33 PM
श्रम श्री-सृजन श्री व कला श्री अलंकरण से सम्मानित हुए श्रमिक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 2 मई। ट्रेड यूनियन काउंसिल छत्तीसगढ़ द्वारा अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर 1 मई को मेकाहारा मेडिकल कॉलेज के सभागार में श्रमिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेशभर से करीब दो हजार श्रमिक, कर्मचारी और अतिथि शामिल हुए।

समारोह में अतिथि हिमांशु द्विवेदी प्रधान संपादक एवं अध्यक्षता कर रहीं ज्योत्सना महंत (सांसद, कोरबा लोकसभा) ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले श्रमिकों को श्रम श्री, सृजन श्री एवं कला श्री अलंकरण से सम्मानित किया। उन्होंने प्रशस्ति पत्र, शॉल एवं श्रीफल भेंट किए ।

प्रांताध्यक्ष गुलाब कमरों एवं प्रांतीय संयोजक डॉ जे पी श्रीवास्तव ने बताया कि पिछले 46 वर्षों से काउंसिल सरगुजा संभाग सहित विभिन्न जिलों में यह आयोजन करती आ रही है, लेकिन राजधानी रायपुर में पहली बार इतना बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जो अत्यंत सफल रहा।

कार्यक्रम की खास बात रही पारंपरिक स्वागत—आयोजकों ने अतिथियों और श्रमिकों का पैर पखारकर व तिलक लगाकर अभिनंदन किया। साथ ही पहाड़ी कोरबा समुदाय के लोग पारंपरिक वेशभूषा व तीर-कमान के साथ मंच पर उपस्थित रहे, जिसने आयोजन को सांस्कृतिक रूप से भी समृद्ध बनाया।

कार्यक्रम में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों सहित अनेक श्रमिक नेताओं को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। संचालन अनिल शुक्ला ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन कन्हैया अग्रवाल ने किया।


अन्य पोस्ट