रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 मई। मई की शुरुआत के साथ ही छत्तीसगढ़ में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश के ज्यादातर जिलों में तेज धूप, गर्म हवाएं और बढ़ता तापमान लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में कुछ हिस्सों में आंधी, गरज-चमक और हल्की बारिश से कुछ राहत मिलने के संकेत दिए हैं।
प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं देखा गया, लेकिन दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में मेघगर्जन की गतिविधियां दर्ज की गईं। दुर्ग में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री तक रहा। इस बीच दिन में गर्मी तेज व रात के तापमान में हल्की राहत बनी हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में एक चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय है, जो समुद्र तल से करीब 1.5 किलोमीटर ऊपर स्थित है। इसके साथ ही दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश से छत्तीसगढ़ होते हुए उत्तरी आंतरिक ओडिशा तक एक द्रोणिका (ट्रफ लाइन) भी बनी हुई है। इन मौसमी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।
आने वाले 2 दिनों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। लेकिन इसके बाद तापमान में कोई खास परिवर्तन नहीं होने की संभावना है। अगले 5 दिनों के दौरान प्रदेश के विभिन्न संभागों में एक-दो स्थानों पर 40-50 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज, चमक के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
कल का मौसम
2 मई को भी मौसम में बहुत बड़ा बदलाव नहीं होगा। दिन में तेज धूप रहेगी, लेकिन दोपहर बाद या शाम के समय कुछ क्षेत्रों में आंशिक बादल छा सकते हैं। गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने गरियाबंद, बालोद और अंबिकापुर समेत कई जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में तेज आंधी, बिजली गिरने (वज्रपात) और हल्की बारिश की संभावना है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने, खुले स्थानों पर जाने से बचने और पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी गई है।


