रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 मई। प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट ने जिला अध्यक्षों की बैठक में पायलट ने संगठन के कामकाज की समीक्षा की। इस दौरान जिला अध्यक्षों ने कहा कि महिला कांग्रेस अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं होने से महिलाओं से जुड़े विषयों पर गतिविधियां शून्य है। उन्होंने जल्द से जल्द नियुक्ति के लिए पहल करने का आग्रह किया।
बैठक में जिलाध्यक्षों ने मांग रखी कि कार्यकारिणी का विस्तार होना चाहिए। संयुक्त महामंत्री और सचिव के पद बढ़ाए जाने चाहिए। इस पर पायलट ने दो टूक कह दिया कि आपकी चार बैठकों में 90 फीसदी पदाधिकारी उपस्थित होते हैं, तो वो खुद राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से चर्चा कर पदों की संख्या बढ़वाने के लिए पहल करेंगे।
जिला अध्यक्षों ने बिना सूचना के कई नेताओं द्वारा कार्यक्रम करने की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नेताओं के प्रवास की पूर्व सूचना जिला अध्यक्ष को दी जानी चाहिए। ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति में भी जिला अध्यक्ष की राय को महत्व दिया जाना चाहिए।
कुछ जिला अध्यक्षों ने स्पष्ट तौर पर कहा कि महिला कांग्रेस अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं हो पाई है। इसलिए महिला आरक्षण, और रसोई गैस किल्लत जैसे महिलाओं से जुड़े विषयों पर कोई ठोस कार्यक्रम नहीं हो पा रहा है। महिला कांग्रेस की गतिविधियों ठप है। इन बैठकों को आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और संगठन विस्तार के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ चरणदास महंत थे।


