रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 30 अप्रैल। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया। जिसमें रायपुर प्रयास आवासीय विद्यालयों के शैक्षणिक सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट परीक्षा में मेरिट सूची में शामिल होकर रायपुर जिले को गौरवान्वित किया है।प्रयास विद्यालयों के 8 विद्यार्थियों ने स्थान प्राप्त किया है। इनमें 6 बालक एवं 2 बालिका विद्यार्थी शामिल हैं। विशेष उपलब्धि के रूप में जिले की एक छात्रा ने पूरे प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त कर जिले एवं विभाग का मान बढ़ाया है। रायपुर जिले में वर्तमान में चार प्रयास आवासीय विद्यालय संचालित हैं :- प्रयास आवासीय विद्यालय सड्डू (बालक), प्रयास आवासीय विद्यालय गुढिय़ारी (बालिका), प्रयास आवासीय विद्यालय, अनुसूचित जाति, नवीन गुढिय़ारी (बालिका), ओबीसी प्रयास आवासीय विद्यालय, सड्डू (बालक)। इन सभी संस्थानों के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक उत्कृष्टता का परिचय देते हुए राज्य की टॉप-10 मेरिट सूची में अपना स्थान सुनिश्चित किया है।
10वीं में 91प्रतिशत के साथ आयुष प्रथम, स्कूल का नाम किया रौशन ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 30 अप्रैल। प्रदेश में कल सीजी बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम की घोषणा हुई। इसमें दसवीं बोर्ड परीक्षा में छात्र और छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए प्रवीणय सूची में जगह बनाई। इस बीच राजधानी के उरला स्थित अर्पिता चिल्ड्रेन पब्लिक हाई स्कूल, न्यू राजेंद्र नगर के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय के छात्रों ने साबित कर दिया कि मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से सफलता हासिल की जा सकती है।
आयुष श्रीवास्तव ने 91 प्रतिशत अंक अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं दीपिका साहू ने 84.66 प्रतिशत के साथ द्वितीय और जतिन निषाद ने 78.16 प्रतिशत अंक के साथ तृतीय स्थान मिला। परीक्षा के परिणाम अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बनी हुई है।
शिक्षकों एवं अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने भविष्य में और बेहतर परिणामों की उम्मीद जताई।


