रायपुर

मामूली बात पर तीन जगहों पर मारपीट, कड़ा-चाकू से हमला
30-Apr-2026 5:17 PM
मामूली बात पर तीन जगहों पर मारपीट, कड़ा-चाकू से हमला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 30 अप्रैल। बीते दो दिनों के भीतर राखी, टिकरापारा और डीडी नगर में मारपीट के तीन अलग-अलग मामले सामने आई हैं। इनमें घरेलू बात, भाइयों के बीच झड़प,अज्ञात युवकों और दो बाइक आपस में टकराने की बात को लेकर मारपीट हो गया। इस दौरान हाथ मुक्का,कड़ा और चाकू से हमला हुआ। पुलिस ने पीडि़तों की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं का अपराध दर्ज किया है।

राखी पुलिस के मुताबिक ईश्वर डहरिया ने अपने ही परिवार के सदस्यों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने बताया कि 29 अप्रैल की रात करीब 9 बजे जब वह घर में था, इसी दौरान उसके भाई कोमल डहरिया उसकी बेटी के साथ गाली गलौज कर रहा था। इसे देख ईश्चर के मना करने पर कोमल डहरिया, मोहन डहरिया और पिता नथेलू डहरिया ने एक राय होकर ईश्वर के साथ गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देकर हाथ-मुक्कों से मारपीट की। कोमल डहरिया ने हाथ में पहने कड़े से उसके सिर पर वार कर दिया। इस हमले में ईश्वर को चोटें आई। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

उधर टिकरापारा इलाके में शाहिद खान और उसके बेटे पर अज्ञात युवकों ने हमला कर दिया। 28 अप्रैल की रात 10. 40 बजे गोकुल नगर के भैंसथान तालाब के पास 3-4 अज्ञात लडक़ों ने उनकी बाइक रोककर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट की। अज्ञात लडक़ों ने शाहिद खान के बेटे अरहम खान पर किसी धारदार वस्तु से हमला कर घायल कर दिया।

डीडीनगर इलाके में सौरभ  के साथ सडक़ विवाद के बाद मारपीट हुआ। 29 अप्रैल की रात करीब 10.30 बजे क्रिकेट मैदान विसर्जन कुंड से घर लौटते समय उसकी बाइक स्कूटी सवार हरीश सोनकर और कैलाश सोनकर से टकरा गई। इसके बाद दोनों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट की, जिससे सौरभ के हाथ और पीठ में चोट आई। बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य लोगों के साथ भी आरोपियों ने विवाद किया। तीनों मामलों में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


अन्य पोस्ट