रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 अप्रैल। करेन्सी टावर, रायपुर में स्थापित कैप्सूल लिफ्ट -2 के बीच में रुक जाने की घटना 20 अप्रैल के संबंध में की गई जाँच में यह तथ्य सामने आया है कि विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में स्टैंडबाय व्यवस्था के रूप में डीजल जनरेटर एवं यूपीएस उपलब्ध है। मुख्य विद्युत निरीक्षकालय द्वारा जाँच रिपोर्ट के आधार पर सभी तकनीकी खामियों को दूर करने हेतु 07 दिवस की समय-सीमा निर्धारित की गई है।
उस दिन एसीएस ऋचा शर्मा इस लिफ्ट में 20 मिनट तक फंसी हुई थीं। इसके बाद मचे बवाल पर जांच कराई गई।
मुख्य विद्युत निरीक्षक कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि घटना के दिन विद्युत आपूर्ति में व्यवधान आने पर डीजल जनरेटर के ऑटोमैटिक चेंजओवर सिस्टम में तकनीकी खराबी उत्पन्न हो गई, जिसके परिणामस्वरूप यूपीएस भी प्रभावित हुआ और लिफ्ट को निरंतर विद्युत आपूर्ति नहीं मिल सकी। इसी कारण लिफ्ट बीच में रुक गई। उन्होंने बताया कि उक्त लिफ्ट 23 जनवरी 27 तक वारंटी अवधि में है। संबंधित एजेंसी द्वारा इसकी मरम्मत का कार्य किया जा रहा है।
मुख्य विद्युत निरीक्षकालय द्वारा कहा गया है कि यदि निर्धारित अवधि में आवश्यक सुधार कार्य पूर्ण नहीं किया जाता है, तो केन्द्रीय विद्युत प्राधिकरण (विद्युत आपूर्ति एवं सुरक्षा से संबंधित उपाय) विनियम, 23 के विनियम 32 (7) के तहत 48 घंटे का नोटिस जारी कर विद्युत विच्छेदन की कार्यवाही की जाएगी।


