रायपुर

महिला सशक्तिकरण प्रस्ताव पर हंगामा नारेबाजी के बीच सर्वसम्मति से पारित
27-Apr-2026 8:25 PM
महिला सशक्तिकरण प्रस्ताव पर हंगामा नारेबाजी के बीच सर्वसम्मति से पारित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 27 अप्रैल। रायपुर नगर पालिक निगम की विशेष सामान्य सभा (विशेष सम्मिलन) सोमवार को महिला सशक्तिकरण हेतु अल्पकालिक जनजागरूकता अभियान पर चर्चा के लिए बुलाई गई, लेकिन बैठक की शुरुआत से ही माहौल गरमा गया। भाजपा पार्षद, महापौर मीनल चौबे सहित, काले कपड़े पहनकर पहुंचे और कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

सभा शुरू होने से पहले भाजपा पार्षदों ने कांग्रेस शर्म करो के नारे लगाए और नारी शक्ति वंदन अधिनियम (महिला आरक्षण) लोकसभा में पारित नहीं होने के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराते हुए निंदा प्रस्ताव लाया। इस मुद्दे को लेकर भाजपा और कांग्रेस पार्षद आमने-सामने आ गए, जिससे सदन में जोरदार हंगामा और आरोप-प्रत्यारोप की स्थिति बनी रही। दोनों पक्ष एक-दूसरे को महिला विरोधी बताते रहे।

बैठक के दौरान स्थिति कई बार तनावपूर्ण हुई, हालांकि हंगामे के बीच कार्यवाही जारी रखी गई। संभावित विवाद को देखते हुए नगर निगम परिसर में सुरक्षा बल भी तैनात किए गए।

इसी बीच विपक्ष ने शहर में बढ़ते जल संकट का मुद्दा उठाते हुए चर्चा की मांग की, लेकिन सभापति ने इस पर सहमति नहीं बनने का हवाला देते हुए चर्चा से इनकार कर दिया, जिससे विपक्ष और अधिक नाराज हो गया।

हंगामे और नारेबाजी के बीच ही महिला सशक्तिकरण के लिए जनजागरूकता अभियान के आयोजन एवं समन्वय से संबंधित प्रस्ताव पर चर्चा हुई। अंतत: विचार-विमर्श के बाद इस प्रस्ताव को विशेष सामान्य सभा में सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।

बैठक का आयोजन नगर निगम मुख्यालय, महात्मा गांधी सदन के चतुर्थ तल स्थित सभागार में किया गया, जिसकी अध्यक्षता सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने की। बैठक में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अभियान की रूपरेखा और उसके प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा की गई।


अन्य पोस्ट