रायपुर

बाजार से लौट रही युवती का अपहरण, कार सवार फरार
27-Apr-2026 8:21 PM
बाजार से लौट रही युवती का अपहरण, कार सवार फरार

रायपुर, 27 अप्रैल। धरसीवां इलाके में दिनदहाड़े अपहरण का मामला सामने आया है जहां कार सवार ने सडक़ पर स्कूटी सवार मां-बेटी को रोककर युवती के अपहरण की कोशिश की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीडि़ता विमला साहू 46 अपनी बेटी के साथ रविवार की शाम 5 बजे सिलयारी से शादी का सामान लेकर अपने गांव कुथरैल लौट रही थीं। इसी दौरान मलौद-कुथरैल मार्ग पर बंद कंपनी के पास एक नीले रंग की कार ने उनकी स्कूटी को रोक लिया।

बताया गया कि कार से उतरे दो व्यक्तियों ने स्कूटी को धक्का देकर गिरा दिया। इनमें से एक आरोपी मधु कुमार राय ने युवती का हाथ पकडक़र जबरन कार की ओर खींचा। बेटी के शोर मचाने पर मां ने विरोध किया, लेकिन दूसरे आरोपी ने विमला साहू को धक्का दे दिया और युवती को जबरन कार में बैठाकर फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़िता ने मामले की शिकायत सिलयारी चौकी में दर्ज कराई है। पुलिस ने धारा 140(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश जारी है और आसपास के क्षेत्रों में तलाश अभियान चलाया जा रहा है।


अन्य पोस्ट