रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 अप्रैल। भारत के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए संजीवनी कैंसर केयर हॉस्पिटल ने छत्तीसगढ़ की पहली टेली-रोबोटिक कैंसर सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न की है। यह उपलब्धि न केवल तकनीकी प्रगति का प्रतीक है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि उन्नत चिकित्सा सेवाएं अब भौगोलिक सीमाओं से परे जाकर मरीजों तक पहुंचाई जा सकती हैं।
इस प्रक्रिया के तहत रोबोटिक रैडिकल प्रोस्टेटेक्टॉमी की गई, जो एक अत्यंत जटिल सर्जरी मानी जाती है और आमतौर पर बड़े महानगरों के सुपर स्पेशलिटी अस्पतालों में ही उपलब्ध होती है। इस सर्जरी की विशेषता यह रही कि इसे टेली-सर्जरी तकनीक के माध्यम से गुरुग्राम से रायपुर को रियल-टाइम में जोडक़र किया गया।
रायपुर के प्रोस्टेट कैंसर से पीडि़त एक मरीज का ऑपरेशन डॉ. अर्पण चतुरमोहता, विभागाध्यक्ष एवं सर्जिकल ऑन्कोलॉजी निदेशक, ने डॉ. अमिताभ सिंह के संयुक्त समन्वय से टेली-सर्जरी के माध्यम से किया। रायपुर में दो सर्जन (डॉ. अर्पण और डॉ. घनश्याम) तथा गुरुग्राम में एक अन्य सर्जन (डॉ. अमिताभ सिंह) ने मिलकर इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।
डॉ. अमिताभ सिंह ने इस उपलब्धि पर कहा, मुझे गर्व है कि हमने गुरुग्राम से रायपुर तक टेली-सर्जरी के माध्यम से रोबोटिक रैडिकल प्रोस्टेटेक्टॉमी सफलतापूर्वक की। यह दर्शाता है कि आधुनिक रोबोटिक तकनीक और मजबूत कनेक्टिविटी के जरिए हम भौगोलिक दूरी को समाप्त कर सकते हैं और हर मरीज तक विश्वस्तरीय इलाज पहुंचा सकते हैं।
टेली-रोबोटिक सर्जरी रोबोटिक्स, हाई-स्पीड इंटरनेट और विशेषज्ञ सर्जिकल कौशल का एक अनूठा संगम है, जो सैकड़ों किलोमीटर दूर बैठे सर्जन को भी अत्यधिक सटीकता के साथ ऑपरेशन करने में सक्षम बनाता है। यह विशेष रूप से उन क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण है, जहां उन्नत चिकित्सा सुविधाएं सीमित हैं।


