रायपुर
रायपुर, 27 अप्रैल। सब जूनियर राष्ट्रीय बालक एवं बालिका टेनिकोइट कोचिंग कैंप, प्रशिक्षकों एवं रेफरी प्रशिक्षण शिविर का आयोजन आंध्रप्रदेश के अन्नकपल्ली में 24 अप्रैल से 30 अप्रैल तक किया जा रहा है। इस शिविर में भाग लेने के लिए छत्तीसगढ़ की टीम रवाना हो गई है। कैंप में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों की जन्मतिथि 1 जनवरी 2012 के बाद होना अनिवार्य रखा गया है। इसके लिए छत्तीसगढ़ टेनिकोइट एसोसिएशन द्वारा 5 अप्रैल रविवार को वन टैप स्कूल, डब्ल्यूआरएस कॉलोनी में राज्य स्तरीय चयन ट्रायल आयोजित किया गया था। ट्रायल में सब जूनियर वर्ग के 23 बालिकाओं और 22 बालकों ने हिस्सा लिया, जिनमें से खिलाडिय़ों का चयन उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया।
चयनित खिलाडिय़ों में बालिका वर्ग से कु. निशा वर्मा और कु. दिशा साहू, जबकि बालक वर्ग से देव प्रजापति और मनीष लोधी शामिल हैं।
टीम के प्रशिक्षकों के रूप में लक्ष्मीनारायण साहू, प्रवीण साहू और घनश्याम साहू को शामिल किया गया है, वहीं रेफरी के रूप में श्रीमती बी. जयलक्ष्मी चयनित हुई हैं।
यह राष्ट्रीय कोचिंग कैंप भारतीय टेनिकोइट महासंघ एवं आंध्रप्रदेश टेनिकोइट एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ टेनिकोइट एसोसिएशन के सचिव संजय शर्मा ने उक्त जानकारी दी।


