रायपुर

दक्षिण से हवा आ रही, कल से कुछ राहत
26-Apr-2026 8:13 PM
दक्षिण से हवा आ रही, कल से कुछ राहत

शनिवार को 45.5 डिग्री के साथ राजनांदगांव विश्व का 7 वां, रायपुर 15 वां शहर रहा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 26 अप्रैल। सूरज धूप नहीं आग बरसा रहा है। हालांकि कल से थोड़ी राहत मिल सकती है लेकिन ग्रीष्म लहर की स्थिति बनी रहेगी।  मौसम विज्ञानियों के अनुसार प्रदेश में कल से दक्षिणी हवाओं के आने से कुछ राहत मिलेगी।

इससे पहले शनिवार को हमारा राजनांदगांव विश्व के सर्वाधिक तापमान वाले शहरों में 7 वें नंबर पर रहा। यहां तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर  45.6 डिग्री के साथ 15 वां स्थान पर रहा।

कल शाम 7 बजे जारी मौसम बुलेटिन के अनुसार रायपुर में भी पारा 44.6 डिग्री पर रहा। यहां दोपहर ढाई बजे ही 43.8 डिग्री पहुंच गया था।  एक्स पर जारी आंकड़ों के अनुसार विश्व के टाप 15 शहरों में भारत के 12 शहर इस तपिश से झुलसे।

रविवार को भी प्रदेश में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन  नहीं हुआ है। प्रदेश के मध्य भाग में ग्रीष्म लहर जैसी स्थिति बनी रही । 

इस बीच आसमान में तीन चक्रवात सक्रिय हैं। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण पूर्वी उत्तर प्रदेश और उसके आसपास 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।  दूसरा ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण उत्तर पूर्व झारखंड के ऊपर 0.9 कम ऊंचाई तक विस्तारित है। तीसरा ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण मध्य प्रदेश के मध्य भाग में 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके अलावा प्रदेश के दक्षिणी भाग में बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवाओं का आगमन प्रारंभ हो चुका है। प्रदेश में कल  27 अप्रैल को एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पडऩे और एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चलने तथा वज्रपात होने की संभावना है। वर्षा का क्षेत्र मुख्यत: दक्षिण छत्तीसगढ़ रहने की संभावना है।

इससे प्रदेश में अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट संभावित है, किंतु विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। प्रदेश के मध्य भाग में ग्रीष्म लहर जैसी स्थिति बने रहने की संभावना है


अन्य पोस्ट