रायपुर
रायपुर, 25 अप्रैल। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा विगत 5-7 वर्षों से भाजपा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के खिलाफ लंबी-चौड़ी बयानबाजी, भाषण और सभाएं करने के बाद अब पद की लालसा, ईडी के छापों के डर तथा पद-प्रतिष्ठा पाने के उद्देश्य से पार्टी छोड़ी गई है। आम आदमी पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष उत्तम जायसवाल, कर्मचारी विंग के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार झा तथा अनुसूचित जाति विंग के प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जांगड़े ने कहा है कि छत्तीसगढ़ प्रभारी डॉ. संदीप पाठक, जो सशक्त नेतृत्व करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ रैली-प्रदर्शनों में भाग लेते थे, उनका इस तरह पीछे हटना दुर्भाग्यपूर्ण है।
नेताओं ने कहा कि ये सभी नेता भारतीय जनता पार्टी में जाकर वहां भी 'झाड़ू' लगाएंगे। श्री झा ने कहा कि नीति-सिद्धांत और नैतिकता की दुहाई देने वाले इन नेताओं को तत्काल राज्यसभा से त्यागपत्र देना चाहिए। यदि वे ऐसा नहीं करते हैं, तो यह माना जाएगा कि उन्हें आज भी पद का लालच है।
छत्तीसगढ़ आम आदमी पार्टी के समस्त कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी इन नेताओं की निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई मजबूरी या परेशानी है, तो उसे सार्वजनिक करना चाहिए और मूल संस्था में वापस आना चाहिए।
श्री झा ने कहा कि हमारे वरिष्ठ नेता अरविंद केजरीवाल, सत्येंद्र जैन, संजय सिंह और मनीष सिसोदिया जेल में रहे, जबकि ये नेता कभी जेल नहीं गए।


