रायपुर
2 दिनों में 11 जिलों में लू, मौसम का यलो अलर्ट
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 अप्रैल। मौसम विभाग ने प्रदेश के राहत आपदा प्रबंधन आयुक्त को प्रदेश में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान ग्रीष्म लहर चलने का यलो और आरेंज अलर्ट जारी किया है। मध्य छत्तीसगढ़ के नौ जिलों बलौदाबाजार, रायपुर, दुर्ग,बालोद, बेमेतरा, कवर्धा, केसीजी, राजनांदगांव मोहला मानपुर में अगले 24 घंटे में लू चलेगी। वहीं 48 घंटों में इन जिलों के साथ मुंगेली और जीपीएम में भी लू का पूर्वानुमान जारी किया गया है। इस दौरान प्रदेश में अधिकतम तापमान में 2-3 वृद्धि संभावित है। शनिवार दोपहर ढाई बजे प्रदेश के प्रमुख शहरों में जगदलपुर 37.2, रायपुर 43.8, बिलासपुर 43.4, पेड्रा 41 और अंबिकापुर 40.4 डिग्री गर्म रहा है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि विदर्भ से लेकर दक्षिण भारत तक ट्रफ लाइन सक्रिय है। साथ ही बंगाल और ओडिशा क्षेत्र में ऊपरी हवा का चक्रवाती प्रभाव काम कर रहा है। इन दोनों वजहों से गर्म और शुष्क हवाएं पूरे क्षेत्र पर हावी हैं, जिससे तापमान लगातार बढ़ रहा है।
दक्षिण बस्तर के जिलों में गर्मी से राहत की संभावना: वैसे दो द्रोणिका और एक चक्रवात के सक्रिय होने से कल रविवार से दक्षिण बस्तर के जिलों में गर्मी से राहत रहने की संभावना बन रही है। एक द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश से दक्षिण बांग्लादेश तक बिहार, झारखंड, गंगेटिक पश्चिम बंगाल होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। दूसरी द्रोणिका/हवा की अनियमित गति पूर्वी विदर्भ से कोमोरिन क्षेत्र तक तेलंगाना, अंदरूनी कर्नाटक और तमिलनाडु होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक प्रति चक्रवात महाराष्ट्र और उसके आसपास 3.1 किलोमीटर से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।


