रायपुर

भीषण गर्मी, आंगनबाड़ी केंद्र अब प्रात: 7 से 11 बजे तक
24-Apr-2026 7:28 PM
भीषण गर्मी, आंगनबाड़ी केंद्र अब प्रात: 7 से 11 बजे तक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 24अप्रैल। प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रभाव को गंभीरता से लेते हुए आंगनबाड़ी (आंबा)केंद्रों के संचालन समय में बदलाव करते हुए इसे 6 घंटे से घटाकर 4 घंटे कर दिया गया है।  महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के स्पष्ट निर्देश परअब  30 जून तक आंगनबाड़ी केंद्र प्रतिदिन प्रात: 7 बजे से 11 बजे तक संचालित होंगे। विशेष रूप से 23 अप्रैल से 30 जून 2026 तक बच्चों की उपस्थिति का समय केवल सुबह 7 बजे से 9 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस अवधि में बच्चों को पूर्व तय समय-सारिणी के अनुसार प्रारंभिक बाल्यावस्था देखरेख एवं शिक्षा के साथ-साथ पूरक पोषण आहार का नियमित वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। आंगनबाड़ी केंद्रों में अन्य आवश्यक सेवाएं प्रात: 11 बजे तक जारी रहेंगी। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं अपने निर्धारित जॉब चार्ट के अनुसार शेष कार्यों का निष्पादन करेंगी। साथ ही, गृहभेंट के माध्यम से पोषण परामर्श देने की महत्वपूर्ण सेवा को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके तहत कार्यकर्ता केंद्र बंद होने के बाद घर-घर जाकर माताओं को जागरूक करेंगी।


अन्य पोस्ट