रायपुर

कूलर के पीछे छिपे नकाबपोश ने मारा चाकू
21-Apr-2026 5:40 PM
कूलर के पीछे छिपे नकाबपोश ने मारा चाकू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 21 अप्रैल। राजधानी के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मारपीट, घुसपैठ और धमकी की तीन घटनाएं सामने आई हैं। पुलिस ने सभी मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तिल्दा पुलिस के मुताबिक बैकुंठ वार्ड में एक नकाबपोश युवक ने ई कोरम के घर में घुसकर हमला कर दिया। ई. कोरमा राव 50 ने इसकी शिकायत थाना में दर्ज कराई है। उसने बताया कि 20 अप्रैल की सुबह  5.20 बजे वे आंगन में पानी डालकर वापस घर जा रहे थे। तभी पोर्च में कूलर के पीछे छिपा एक नकाबपोश युवक चाकू लेकर सामने आ गया। आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए उस पर हमला कर दिया। बचाव के दौरान उसे हाथ में चोट आई। शोर मचाने पर आरोपी घर की छत से कूदकर भाग निकला। घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश कर रही है।

वहीं खमतराई इलाके में रुपए के विवाद में बेल्ट से मारपीट, मोबाइल में तोडफ़ोड की घटना सामने आई है। नहरपारा अन्ना चौक के पास सावन से पैसों के विवाद को लेकर मारपीट हुई। सावन, जो ऑटो चालक है, ने बताया कि 19 अप्रैल की रात करीब 10.30 बजे समूह के पैसे को लेकर फोन पर विवाद हुआ। इसके बाद वह मोहम्मद फैज के घर पहुंचा, जहां फैज और उसके भाई ने गाली-गलौच करते हुए बेल्ट से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे दोस्त तन्मय पिल्ले के साथ भी मारपीट की गई और उसका मोबाइल जमीन पर पटककर तोड़ दिया गया।

उधर आरंग के ग्राम लखौली में एक महिला से मारपीट और धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। पीडि़ता सातोबाई साहू 60 ने इसकी शिकायत आरंग थाना में दर्ज कराई उसने बताया कि होली के दिन हुए विवाद को लेकर अशोक साहू, सुनीता साहू, लोकेश साहू और तुलाराम साहू ने उनके परिवार के साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही आए दिन चरित्र पर लांछन लगाकर प्रताडि़़त करते थे।


अन्य पोस्ट