रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुम्हारी, 20 अप्रैल। नगरपालिका परिषद कुम्हारी की कार्यप्रणाली को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुम्हारी ने प्रेस वार्ता आयोजित कर विभिन्न मुद्दों पर आपत्ति दर्ज की। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगरपालिका प्रशासन पर कई आरोप लगाए।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनहरण यादव ने कहा कि नगर में सडक़, नाली, सफाई और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष और मुख्य नगर पालिका अधिकारी से समस्याओं के संबंध में पूछने पर स्पष्ट जवाब नहीं मिल रहा है। उनके अनुसार वर्तमान परिषद में विकास कार्यों की गति अपेक्षित स्तर पर नहीं है।
उन्होंने यह भी कहा कि नगर में पानी की समस्या बनी हुई है और प्रशासन द्वारा ठोस समाधान प्रस्तुत नहीं किया गया है। उन्होंने शिक्षा, भर्ती प्रक्रियाओं और आत्मानंद स्कूलों से संबंधित मुद्दे भी उठाए।
पूर्व पालिकाध्यक्ष राजेश्वर सोनकर ने कहा कि नगर में पेयजल व्यवस्था प्रभावित है और वार्डों में मोटर पंप खराब हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ कार्यों के लिए राशि की मांग की जा रही है। उन्होंने सफाई व्यवस्था, तालाबों की स्थिति, पेड़ों की कटाई और प्रशासनिक नियंत्रण को लेकर भी सवाल उठाए।
नगरपालिका उपाध्यक्ष प्रमोद राजपूत ने बताया कि 13 अप्रैल को सामान्य सभा की बैठक में वर्ष 2024-25 और 2025-26 के बजट पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि बजट का एक बड़ा हिस्सा पूर्व बजट की पुनरावृत्ति है। उन्होंने सफाई, दवाई छिडक़ाव, पेयजल और कर निर्धारण से संबंधित समस्याओं का उल्लेख किया।
पार्षद जानकी ध्रुव ने कहा कि सामान्य सभा की बैठक में पत्रकारों की अनुपस्थिति रही। उन्होंने बताया कि नगर के कई वार्डों में पानी की समस्या है और प्रबंधन में कमी के कारण लोगों को परेशानी हो रही है।
पार्षद लेखराम साहू ने सफाई व्यवस्था, शुल्क वृद्धि और कर्मचारियों को उपलब्ध संसाधनों की कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि कई हितग्राहियों को पेंशन समय पर नहीं मिल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि नगर में स्वच्छता कार्य से जुड़ी गाडिय़ों की बैटरी चोरी की घटनाएं सामने आई हैं।
पूर्व पार्षद महेश सोनकर ने सडक़ निर्माण और पैचिंग कार्य में देरी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर कार्य अधूरा है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है।
प्रेस वार्ता में उपस्थित सभी वक्ताओं ने नगर की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की और कहा कि यदि व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ, तो आगे आंदोलन किया जाएगा।


