रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 अप्रैल। तेलीबांधा एयरपोर्ट तिराहा स्थित करेंसी टावर में सोमवार सुबह लगभग 6:30 बजे एडिशनल चीफ सेक्रेटरी (एसीएस) ऋचा शर्मा लिफ्ट में फंस गईं। बताया जा रहा है कि ऋचा शर्मा करीब 20 मिनट तक लिफ्ट में फंसी रही। वह किसी काम से टावर गईं थीं?।
लिफ्ट के अंदर न तो पर्याप्त रोशनी थी और न ही हवा आने का कोई रास्ता, जिससे उन्हें घबराहट होने लगी और घुटन पसीने से उनकी हालत बिगड़ गई।
सबसे गंभीर बात यह रही कि लिफ्ट के अंदर कोई इमरजेंसी अलार्म सिस्टम या हेल्पलाइन नंबर उपलब्ध नहीं था, जिसके चलते मदद पहुंचने में काफी समय लग गया।
ऋचा ने किसी तरह अंदर से फोन कर अधिकारियों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद मौके पर हडक़ंप मच गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि श्रीमती शर्मा ने लिफ्ट के दौरान कांपलेक्स की बदहाली को लेकर राज्य के उर्जा सचिव डॉ. रोहित यादव को भी काल करके जानकारी दी। पावर बैकअप, नहीं होने आदि के विषय में भी जानकारी ली। काफी मशक्कत के बाद जब लिफ्ट का दरवाजा खोला गया तो वह बाहर निकल पाईं। लोगों का कहना है कि बिना हवा और रोशनी के इतनी देर तक बंद रहने के कारण उनकी हालत खराब हो गई थी और उन्हें संभलने में काफी समय लगा। ऋचा ने टावर प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है।
850 के करीब दुकान और ऑफिस स्पेस वाले कॉम्प्लेक्स में सिर्फ 4 ही लिफ्ट
जानकारी के अनुसार, भवन निर्माण नियमों के तहत बड़े कॉम्प्लेक्स में इमरजेंसी अलार्म, बैकअप पावर, लाइटिंग और आपातकालीन संपर्क व्यवस्था अनिवार्य होती है, लेकिन करेंसी टावर में सुविधाओं की कमी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लगभग छोटे बड़े 850 दुकान और ऑफिस स्पेस वाले इस कॉम्प्लेक्स में सिर्फ 4 ही लिफ्ट हैं। अब इस
घटना के बाद अब नगर निगम, फायर सेफ्टी और अन्य संबंधित एजेंसियों की भूमिका पर भी नजरें टिकी हैं कि क्या इस मामले में जांच और कार्रवाई होती है या फिर इसे भी अनदेखा कर दिया जाएगा।


