रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 अप्रैल। राजधानी के अलग-अलग थाना इलाकों में जबरन मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी के कई मामले सामने आए हैं। शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
खमतराई के बसंत विहार कालोनी गुढिय़ारी निवासी शिवराज ने शिकायत में बताया कि उनकी गोंदवारा स्थित कांच की दुकान में काम करने वाले कर्मचारी सूरज चौहान और दशरथ यादव रविवार की रात 9 बजे सामान खरीदने गोंदवारा बस्ती गए थे। इसी दौरान वहां के रहने वाले जीवन जांगड़े और बबली ने नशे की हालत में दोनों के साथ जबरन गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उस पर हाथ-मुक्का और कड़ा से मारपीट की गई। इस हमले में दशरथ यादव के माथे और सूरज चौहान को चोटें आईं।
वहीं, सन्यासीपारा निवासी वरुण ने बताया कि 18 अप्रैल की शाम वह अपने मित्र श्रवण कुमार के साथ माता मंदिर के पास बैठा था। तभी प्रथम सोनी और उसके साथियों ने पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। मना करने पर आरोपियों ने हाथ-मुक्का, स्टिक और कड़ा से मारपीट कर दी, जिससे वरुण के सिर और माथे पर चोट आई। बीच-बचाव करने आए श्रवण कुमार के साथ भी मारपीट किया गया।
उधर पुरानी बस्ती के भाठागांव स्थित बीएसयूपी कॉलोनी में रहने वाली लक्ष्मी ने बताया कि कल सुबह घरेलू विवाद को लेकर उसकी जेठानी उमा कुर्रे ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। जेठ चंद्रप्रकाश कुर्रे ने जान से मारने की धमकी दी।
इसी तरह मुजगहन के ग्राम सिवनी में भी पड़ोसियों के बीच तू तड़ाक विवाद में बदल गया। महिला ने शिकायत में बताया कि रविवार सुबह की सुबह मुकेश टंडन ने घर के सामने गाली गलौज कर रहा था। विरोध करने पर मुकेश टंडन, उसकी पत्नी निशा टंडन, हरिशंकर टंडन और दुरपति टंडन ने मिलकर पीडि़ता, महिला उसके पति और बेटी के साथ मारपीट की। घटना में महिला के नाक और होंठ, पति के कमर तथा बेटी की पीठ में चोट आई है। पुलिस ने मामलों में शिकायत पर अलग-अलग धाराओं का अपराध दर्ज किया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।


