रायपुर
राजधानी में 11 बजते ही आवाजाही घटने लगी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 अप्रैल। प्रदेश इन दिनों गर्मी की मार झेल रहा है। इस बीच प्रदेश के दर्जनभर जिलों में तापमान 42 डिग्री से अधिक हो गया है। सप्ताहभर से पड़ रही गर्मी से लोग परेशान हो गए हैं। ऐसे ही हालात सोमवार को भी बना रहा। गर्मी और तपिश से रात के तापमान में भी बढ़त देखी जा रही है। रात का तापमान 29 डिग्री के आसपास रहा।
भीषण गर्मी से देर रात तक उमस जैसे हालात बन गए। इस गर्मी में कूलर और एसी भी बे असर दिख रहे हैं। इस बीच मौसम ने कुछ जिलों में लू का अलर्ट जारी रहने की चेतावली दी। है वहीं दो दिनों के भीतर 40-50 किमी की तेज रफ्तार से गर्म हवाएं चलने की संभवनाएं भी जताई जा रही है। इस बीच राजनांदगांव में पारा 45 डिग्री तक पहुंच गया और पूरे प्रदेश में हालात तपिश वाले बने हुए हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि अभी राहत जल्दी नहीं मिलने वाली। अगले 5 दिन तक तापमान लगभग ऐसा ही रहने वाला है। खासकर रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में हीट वेव का अलर्ट जारी कर दिया गया है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।
कुछ जिलों में मौसम अचानक बदल सकता है। बस्तर संभाग के कई इलाकों जैसे सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर, कोंडागांव और कांकेर में आज शाम तक गरज-चमक के साथ बारिश और आंधी का अलर्ट है।


