रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 अप्रैल। प्रदेश में बढ़ती गर्मी को देखते हुए राज्य सरकार के आदेश के बाद प्रदेश के सभी शासकीय स्कूलों में ग्रीष्म कालीन अवकाश लागू कर दिया गया है। राज्य के साथ सीबीएसई वाले निजी स्कूलों में भी छुट्टी घोषित कर दी गई है।? लेकिन प्रदेश भर के केंद्रीय विद्यालय बदस्तूर संचालित किए जा रहे हैं।
मिली जानकारी अनुसार प्रदेश भर में 20 से अधिक केंद्रीय विद्यालय संचालित हैं। अकेले रायपुर में डब्लू आर एस, डीडी नगर और नवा रायपुर तीन विद्यालय हैं। नवा रायपुर ब्रांच के बच्चों ने बताया कि उनका स्कूल फुल टाइम चल रहा हैं जबकि डब्लू आर एस ब्रांच ने सुबह 7-10 बजे तक। जब राजधानी में यह स्थिति है तो अन्य शहरों के स्कूलों को समझा जा सकता है।
बताया जा रहा है कि केंद्रीय विद्यालयों पर राज्य के स्कूल शिक्षा विभाग का कोई भी आदेश मान्य और लागू नहीं होता।जब तक कि जिला कलेक्टर आदेश जारी न करें। कलेक्टर विद्यालय के पैट्रन होते हैं। प्रदेश के किसी भी जिले में यह आदेश जारी नहीं किए जाने से प्राचार्यों ने छुट्टी घोषित करने पर असमर्थता जताई है। गोपनीयता की शर्त पर एक प्राचार्य ने छत्तीसगढ़ से कहा कि हमारे बच्चे भी परेशान हैं लेकिन नियम व्यवस्था से हम बंधे हैं। बता दें कि राज्य सरकार ने 16 अप्रैल को घोषणा कर दी थी। उसके बाद से अब तक जिले से आदेश जारी नहीं हो सके हैं।


