रायपुर
पानी की किल्लत के बाद निगम टैंकरों की मदद से आग बुझाने का प्रयास और दमकल कर्मी राजेन्द्र बघेल और स्टीफन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 16 अप्रैल। राजधानी के फाफाडीह स्थित टिंबर मार्केट में बुधवार गुरुवार की रात भीषण आग लग गई । आग पायनियर मार्केटिंग के कैलाश टिंबर गोदाम में भडक़ी। इसके मालिक जेठा लाल पटेल पार्टनर रविन्द्र पटेल हैं। गोदाम में लकड़ी और लेमिनेटेड प्लाईवुड का भारी स्टाक होने से आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाडिय़ां रात 2 बजे मौके पर पहुंचीं। उसके बाद तडक़े तक गाडिय़ां आती जाती रहीं। 13-14 गाडिय़ां इस्तेमाल की गई।एक गाड़ी नया रायपुर से भी मंगवाई गई।
इन गाडिय़ों ने 35 से 38 ट्रिप पानी लाया। एम्स के भी इमरजेंसी स्टाक से पानी लिया गया। टिकरापारा, खमतराई फायर स्टेशन में पानी न होने की वजह से दोपहर निगम के टैंकरों से पानी लिया गया। 11-12 घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी। आग से गोदाम में रखा प्लाईवुड सहित लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। देवेंद्र नगर पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इसमें नया वित्त वर्ष और बीमे के पहलु की भी जांच की जा रही है।
देवेन्द्र नगर इलाके में हाल के दिनों में यह तीसरी घटना है।


