रायपुर

प्रभारी महामंत्री का पद खत्म, जिला अध्यक्षों में नाराजगी
16-Apr-2026 6:34 PM
प्रभारी महामंत्री का पद खत्म, जिला अध्यक्षों में नाराजगी

छत्तीसगढ़ संवाददाता

रायपुर, 16 अप्रैल। प्रदेश कांग्रेस में जिलों में प्रभारी महामंत्री का पद खत्म करने के निर्देश के बाद जिला अध्यक्षों में नाराजगी उभरकर सामने आई है। कुछ जिला अध्यक्षों ने इस फैसले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से शिकायत की है, वहीं प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट से भी मुलाकात कर मुद्दा उठाने की तैयारी है।

जानकारी के मुताबिक कांग्रेस के अधिकांश जिलों में पदाधिकारियों की नियुक्ति पूरी हो चुकी है। परंपरागत रूप से जिलों में महामंत्रियों में से एक को प्रभारी महामंत्री बनाया जाता रहा है, ताकि अध्यक्ष की अनुपस्थिति में संगठन का कामकाज सुचारु रूप से चलता रहे।

इसी बीच प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गेंदू ने सभी जिलों को पत्र जारी कर प्रभारी महामंत्री के स्थान पर कार्यालय प्रभारी बनाने के निर्देश दिए हैं। इस निर्देश पर कई जिला अध्यक्षों ने आपत्ति जताई है और अलग-अलग स्तर पर विरोध भी दर्ज कराया है।

एक जिला अध्यक्ष ने चर्चा में कहा कि प्रदेश से लेकर जिला स्तर तक प्रभारी महामंत्री बनाने की परंपरा रही है और पहले भी इस तरह की नियुक्तियां होती रही हैं, ऐसे में नया निर्देश उचित नहीं है। बताया जा रहा है कि दुर्ग संभाग के दो-तीन जिला अध्यक्षों ने इस संबंध में पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व और भूपेश बघेल से मिलकर शिकायत भी की है।

वहीं, इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए मलकीत सिंह गेंदू ने कहा कि जिलों में प्रभारी महामंत्री का कोई अधिकृत पद नहीं होता, और गलत तरीके से प्रभार दिए जा रहे थे। इसे दुरुस्त करते हुए कार्यालय प्रभारी बनाने के लिए कहा गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस मुद्दे पर उन्हें कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।

इधर, ब्लॉक स्तर की नियुक्तियों को लेकर भी जिला अध्यक्षों में असंतोष बना हुआ है। बताया जा रहा है कि कुछ बिंदुओं पर पहले भी शिकायतें की जा चुकी हैं और अब जल्द ही सचिन पायलट से मुलाकात कर कई मुद्दों पर सामूहिक रूप से बात रखी जा सकती है।


अन्य पोस्ट