रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 16 अप्रैल। गुरुवार को राजधानी के विशाल इलाके में निगम की जलापूर्ति ठप रही। पुरानी बस्ती से लेकर आउटर के सभी वार्डों में नल बंद रहे। बताया गया है कि निगम की 29 टंकियों से सुबह की पाली में जलापूर्ति नहीं हो सकी। इसके विकल्प के रूप में निगम ने इन इलाकों में टैंकर से पानी भेजने की व्यवस्था भी नहीं की।
इस संबंध में निगम के अधिकारियों ने बताया कि इंटेकवेल के में हैंडर में रात 1.30 बजे जोर के ब्लास्ट के साथ पाइप लाइन फट गया था। इस वजह से पानी सफाई के साथ टंकियों से निकासी नहीं हो सकी। निगम अमले ने रात में ही सुधार कार्य शुरू कर दिया था। जो सुबह 10.30 बजे तक चला। इसके बाद जल शुद्धिकरण और टंकी भरने का काम शुरू किया जा सका। जल कार्य विभाग के ईई श्री फरेंद्र ने छत्तीसगढ़ से चर्चा में बताया कि दोपहर 12 बजे तक टंकियों को आधा भरा जा सका है। इसलिए आज शाम को भी जलापूर्ति आंशिक रूप से प्रभावित रहेगी। कल सुबह नियमित रूप से आपूर्ति की जाएगी। यहां बता दें कि पिछले एक सप्ताह के दौरान यह दूसरी बार आपूर्ति प्रभावित हुई है। इससे पहले तेलीबांधा थाने के पास राइजिंग लाइन मरम्मत के नाम पर ठप किया गया था। निगम की इस व्यवस्था पर लोगों ने आक्रोश जताया है। कांग्रेस नेता संजय सिंह ठाकुर ने कहा कि एक माह पहले ही निगम ने लोगों की गर्दन पर तलवार रख कर जल कर और अन्य टैक्स की वसूली की थी। 31 मार्च बीतते ही शहर को उसे बेहाली पर छोड़ दिया गया है। आज के संकट पर न तो महापौर ने जल कार्य विभाग अध्यक्ष के कान में जूं रेंगी।


