रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 अप्रैल। राजधानी के टिकरापारा इलाके में देर रात राहगीरों से लूट का प्रयाश का मामला सामने आया है। पीडि़त आयतु, निवासी ग्राम बस्तानार थाना कोड़ेनार जिला बस्तर, ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जानकारी के मुताबिक आयतु अपने दोस्त दीपक कुमार सोरी के साथ 12 की रात जगदलपुर से कोरबा जाने के लिए बस से रवाना हुआ था। 13 अप्रैल की रात 2 बजे दोनों पचपेड़ी नाका चौक रायपुर में बस से उतरे और रेलवे स्टेशन की ओर पैदल जा रहे थे।
इसी दौरान करीब 2.30 बजे सिद्धार्थ चौक के पहले संगम बार के पास बाइक सीजी 04 डीएफ1183 में सवार तीन अज्ञात युवक उनके पास आए और आयतु का मोबाइल और उसके दोस्त दीपक कुमार सोरी की जेब में रखे 1300 रुपए झपट्टा मारकर लूटने का प्रयास किया।
इस दौरान आयतु का मोबाइल नीचे गिर गया। जिससे लूट का प्रयास विफल रहा। लेकिन गिरने की वजह से उसके मोबाइल का सिम कहीं गिर गया। घटना के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद दोनों युवक ट्रेन पकडऩे के लिए कोरबा रवाना हो गए थे। इसके बाद 14 अप्रैल को रायपुर लौटकर दोनों ने टिकरापारा थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।


