रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 अप्रैल। मंदिर हसौद के गोढही निवासी अविनाश अनिल साहू ने अपने ही परिचित पर अमानत में खयानत का मामला दर्ज कराया है। आरोप है कि मुकेश साहू ने उससे बाइक उधार मांग कर चंपत हो गया।
अविनाश ने बताया कि वर्तमान में वह एक निजी स्कूल में मेडिकल एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत है। 19 मार्च को वह किसी कार्य से होली हार्ट्स स्कूल गया था। जहां उसका पुराना परिचित मुकेश कुमार मिला। और उसे किसी काम से गांव जाने के लिए बाइक मांगी। अविनाश ने भी पूर्व परिचित होने के कारण भरोसा कर उसे अपनी बाइक दे दी। इस बीच आरोपी ने बाइक एक दो दिन में लौटाने की बात कही थी। लेकिन उसके बाद से अब तक उसने बाइक वापस नहीं की। मुकेश से संपर्क करने पर उसका मोबाइल फोन बंद था। जिस कारण से उससे किसी प्रकार का संपर्क नहीं हो पा रहा है। यहां तक कि उसके घर पर जानकारी लेने पर भी वह वहां मौजूद नहीं था।
घटना की जानकारी अविनाश ने अपने स्कूल के मैनेजर और एक मित्र को दी है। जिसके बाद उसने सिविल लाइन थाना जाकर मुकेश के खिलाफ विश्वासघात करने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत पर आरोपी मुकेश के खिलाफ धारा 316 का अपराध दर्ज किया है। मामले में पूछताछ कर आरोपी की तलाश की जा रही है।


