रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 अप्रैल। राजधानी में चोरी की घटनाएं बढ़ गई है। चोर गिरोह की सक्रियता देखने को मिली है। से चोर मकानों की रेकी कर सूने मकानों को अपना निशाना बना रहे हैं। इस बीच चोर उन घरों को निशाना बना रहे है। बढ़ती घटना से लोगों में भय का माहोल बन गया है। ऐसा ही एक मामला तेलीबांधा से आया है। जहां विशाल नगर में सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।
आम्रपाली वनांचल सिटी भिलाई निवासी आशीष ने पुलिस को शिकायत में बताया कि उनके पिता कृष्णा राव रोकड़े विशाल नगर स्थित मकान में अकेले रहते थे। खराब स्वास्थ्य के चलते उन्हें दिसंबर 2025 में अपने साथ भिलाई ले गए थे। जिसके बाद से घर में ताला लगा हुआ था। इस बीच 21 मार्च की रात पड़ोसी गोपाल उगरा ने फोन कर सूचना दी कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है और अंदर लाइट जल रही है। सूचना मिलते ही वह दूसरे दिन में रायपुर पहुंचे।
मौके पर पहुंचने पर आशीष ने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने किचन और कमरों में रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए सामान में सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र, बाली, मणी और लॉकेट के अलावा चांदी के पूजा थाली, ब्रेसलेट, कमरबंध, चाबी रिंग, स्टैंड, दिया, सिक्के, गिलास और भगवान की मूर्ति गायब था।
इसके अलावा चोर वहां से 30 हजार रुपए नकद और एक गैस सिलेंडर भी ले गए। चोरी गए सामान की कीमत 1 लाख 90 हजार रुपए आंकी गई है। इसके बाद आशीष ने चोरों का सुराग निकालने कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें 20 मार्च की रात 2 बजे संदिग्ध व्यक्ति चोरी कर सामान ले जाते हुए नजर आया है।
पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ 305, 331(4) का अपराध दर्ज किया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।


