रायपुर

ग्रीष्म लहर की चेतावनी दरकिनार, दोनों पालियों के स्कूल चल रहे
15-Apr-2026 7:56 PM
ग्रीष्म लहर की चेतावनी दरकिनार, दोनों पालियों के स्कूल चल रहे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 15 अप्रैल। पिछले सप्ताह भर से प्रदेश के तापमान में बड़ी उछाल आई है। बस्तर से लेकर बलरामपुर तक सूरज सुबह से ही सिर चढऩे लगा है। मध्य छत्तीसगढ़ में तो पारा 40 डिग्री को पार कर गया है।और मौसम विभाग पिछले सप्ताह भर से ग्रीष्म लहर से बचाव की भी चेतावनी जारी कर रहा है।

यह सिलसिला अभी जारी रहेगा।  इसे देखते हुए स्कूली बच्चों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जन संगठन ग्रीष्मकालीन अवकाश की मांग करने लगे हैं।

 स्कूलों में तो नए सत्र की कक्षाएं शुरू कर दी गई हैं। वहीं अधिकांश निजी स्कूल, पिछली परीक्षा खासकर बोर्ड के नतीजे घोषित किए बगैर ही कक्षाएं लगा रहे हैं। इनकी छुट्टी दोपहर 12 बजे के बाद कर रहे हैं। उस वक्त तेज  धूप और तापमान 30 डिग्री तक पहुंच जाता है जो बच्चों के लिए तकलीफदेय होने लगा है। पिछले वर्षों में भी ऐसी ही स्थिति बनने पर राज्य सरकार के निर्देश पर जिला कलेक्टर ग्रीष्मावकाश की घोषणा करते रहे हैं। इस बार अब तक ऐसी कोई हलचल नहीं दिखाई दे रही है। वहीं जनसंगठन और अभिभावक अवकाश घोषित करने की मांग करने लगे हैं। कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने एक बयान में कहा कि इस भीषण गर्मी में बच्चे परेशान हो रहे हैं। बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि इस परिस्थिति को सरकार नहीं  समझ रही है असंवेदनशील बनी हुई है। अभी भी स्कूल लगाए जा रहे हैं। कांग्रेस पार्टी अवकाश घोषित करने की मांग करती है।

 

 रायपुर में पारा दोपहर 38 डिग्री पार

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में आज से मौसम शुष्क रहने की संभावना है। गर्म हवाओं के आने की वजह से अधिकतम तापमान में लगातार वृद्धि होने का पूर्वानुमान है।  मध्य छत्तीसगढ़ में आज से एक दो पैकेट में ग्रीष्म लहर चलने अथवा ग्रीष्म लहर जैसी स्थिति बनने की संभावना है। बस्तर  और सरगुजा संभाग के जिलों में भीअधिकतम तापमान में हल्की उतार-चढ़ाव के साथ कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। राजधानी रायपुर में दोपहर को ही तापमान 38.6 डिग्री दर्ज किया गया था जिसके शाम तक 41 पार कर जाने की जानकारी दी गई है।


अन्य पोस्ट