रायपुर
सिविल लाइन, माना थाने में धोखाधड़ी दर्ज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 14 अप्रैल। राजधानी रायपुर के सिविल लाइन इलाके में हाउसिंग लोन के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक जिला न्यायालय रायपुर से प्राप्त आदेश के आधार पर मामला दर्ज किया गया। प्रकरण की सुनवाई न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी गुरु प्रसाद देवांगन की अदालत में हुई थी।
परिवादी कंपनी आधार हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड ने आरोप लगाया है कि आरोपी मोहम्मद जुबेर कुरैशी और मोहम्मद जावेद ने आपराधिक षड्यंत्र रचकर कंपनी से 8,01,054 रुपए का हाउसिंग लोन लिया था।
आरोपियों ने ग्राम सिमगा, जिला बलौदाबाजार स्थित एक मकान/दुकान को बंधक बताकर लोन लिया। जबकि वह संपत्ति पहले ही 16 सितंबर 2021 को किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी गई थी। इसके बावजूद आरोपियों ने संपत्ति के दस्तावेज प्रस्तुत कर गुमराह किया।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से बंधक अनुबंध तैयार कर लोन राशि प्राप्त की और बाद में किश्तों का भुगतान भी नियमित रूप से नहीं किया। कंपनी के संपर्क करने पर आरोपी टालमटोल करने लगे। बाद में उनका मोबाइल भी बंद आने लगा। इस मामले में पहले भी सिविल लाइन थाने में शिकायत दी गई थी। इसके बाद परिवादी ने न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत किया।
न्यायालय ने मामले में प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी और षड्यंत्र के पर्याप्त साक्ष्य पाते हुए धारा 420 और 120 (बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध करने का आदेश दिया। कोर्ट के आदेश के बाद सिविल लाइन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 120 (बी), 34 भादवि के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
जमीन हड़पने फर्जी दस्तावेज बनवाया
माना कैंप के ग्राम नक्टी में जमीन हड़पने के मामले में तीन लोगों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर एक महिला की भूमि को धोखे से अपने नाम कराने की कोशिश की। राजनांदगांव निवासी अनन्या देवांगन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि ग्राम नक्टी में उसकी जमीन है। जिसे शांति देवांगन, गंगाराम देवांगन और तुषार देवांगन ने उसे नाबालिग दर्शाकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और उसकी जमीन का विक्रय पत्र बना लिया। मामले की जानकारी मिलने पर पीडि़ता ने माना थाना जाकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और षड्यंत्र करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस दस्तावेजों की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


