रायपुर
कमल विहार के रहवासियों ने कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 13 अप्रैल। कमल (कौशल्या) विहार रहवासी संगठन के अध्यक्ष डॉ सुजीत परिहार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस कमिश्नर डॉक्टर संजीव शुक्ला से आज भेंट की। वहां की कानून व्यवस्था की समस्याओं को लेकरउन्हें एक ज्ञापन सौपा। कमिश्नर ने उन्हें आश्वासन दिया कि ज्ञापन में उल्लेखित बिंदुओं पर अपने मातहत अधिकारियों को निर्देश दूंगा। रहवासियों को परेशानी ना हो इसका पूरा प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ट्रकि, बस जैसे भारी वाहन नए धमतरी रोड पर टोल टैक्स से बचने कमल विहार होकर पुराने धमतरी रोड का उपयोग करने लगे हैं। इन भारी वाहनों के कारण क्षेत्र में दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे आम नागरिकों, विशेषकर बच्चों एवं बुजुर्गों की सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। वहीं अवैध रूप से ठेले (अवैध अतिक्रमण) लगाए जा रहे हैं, जिससे यातायात बाधित होने के साथ अव्यवस्था फैल रही है। इन ठेलों को हटाने की जरूरत है। इसी तरह से स्ट्रीट लाइट के खम्बों की विद्युत तारों की चोरी से रात के समय अंधेरा बना रहता है और सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर समस्या उत्पन्न हो रही है। पुलिस पेट्रोलिंग भी नियमित एवं पर्याप्त रूप से नहीं हो रही है, जिसके कारण असामाजिक गतिविधियों की संभावना बढ रही है। अत: अनुरोध है कि क्षेत्र में समय-समय पर प्रभावी पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाए।


