रायपुर

तिल्दा में कांग्रेस का प्रदर्शन
13-Apr-2026 9:02 PM
तिल्दा में कांग्रेस का प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 13 अप्रैल। सोमवार को ग्रामीण जिला कांग्रेस ने तिल्दा में  प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दीनदयाल चौक पर सभा कर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा के घर का घेराव करने निकले हालांकि, मौके पर भारी पुलिस बल तैनात होने के कारण प्रदर्शनकारियों को बंगले के अंदर जाने से रोक दिया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओ और पुलिस के बीच झूमाझटकी भी हुई।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि, चुनाव के दौरान भाजपा द्वारा किए गए बाईपास रोड निर्माण के वादे को दो साल बाद भी पूरा नहीं किया गया है। ग्रामीण अध्यक्ष राजेंद्र बंजारे का कहना है कि, शहर में अव्यवस्थित यातायात की वजह से आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही ट्रैफिक पुलिस की तैनाती नहीं होने से हालात और बिगड़ रहे हैं। नेताओ ने नगर पालिका अध्यक्ष के पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि, उनके द्वरा शहर में अतिक्रमण कराया जा रहा है, खाली जमीनों पर कब्जा किया जा रहा है और दबंगई की जा रही है।

 वरिष्ठ  नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा कि, मंत्री के द्वारा विधानसभा के अन्य शहरो में बाईपास रोड बनाए गए हैं, लेकिन तिल्दा के साथ लगातार अन्याय हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि, यदि शहर में सट्टा-जुआ और अवैध गतिविधियों पर रोक नहीं लगाई गई तो कांग्रेस और बड़ा आंदोलन करेगी। इससे पहले सभा को  मोतीलाल हिंदुजा, लक्ष्मी नारायण वर्मा आदि ने संबोधित किया। सभा के बाद सभी कांग्रेसी रैली निकाकर नारेबाजी करते हुए मंत्री के बंगले पहुंचे।

प्रदर्शन में ये रहे शामिल

रैली व प्रदर्शन में शहर कांग्रेस के अध्यक्ष अजितेश शर्मा, ग्रामीण अध्यक्ष बलदंउ राम साहू, कांग्रेसी नेता ओम ठाकुर, राहुल तेजवानी, हर्षवर्धन शर्मा, नीरज राठी नानक छाबडिया के कृष्णमूर्ति देवदास टंडन जगतु राम माडले सहित कांग्रेस के पार्षद के साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।


अन्य पोस्ट