रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 13 अप्रैल। लूटपाट और चोरी के दो मामलों में आरोपियों के खिलाफ सिविल लाइन और गोलबाजार पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
सिविल लाइन नूरानी चौक राजातालाब निवासी मोहम्मद कमरुद्दीन ने शिकायत दर्ज कराई है कि 10 अप्रैल की रात वह अपने भाई अरशद शेख के साथ घर से काम पर जा रहे थे। इसी दौरान सिलास भवन के पास नागेश सोनकर, राहुल यादव और नितेश साहू ने उनका रास्ता रोक लिया। राहुल यादव ने जबरन जेब में हाथ डालकर पैसे निकालने की कोशिश की। विरोध करने पर तीनों आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट की। इस दौरान कमरुद्दीन से 1000 रुपए नगद और उसके भाई से करीब 3000 रुपए के ब्लूटूथ डिवाइस लूट लिए। मारपीट में दोनों को चोटें आई हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, गोलबाजार के एक मोबाइल दुकान से चोरी का मामला सामने आया है। रितेश ने बताया कि 10 अप्रैल की सुबह 9 बजे वह अपनी दुकान ननकानी ब्रदर्स खोलकर सामान सजा रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति दुकान पर आया और चार्जर मांगने लगा।
जब रितेश चार्जर लेने अंदर गया और वापस लौटा, तो वह व्यक्ति गायब था। बाद में जांच करने पर पता चला कि दुकान में रखा मोबाइल फोन गायब था। आसपास पूछताछ करने पर भी आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला। दोनों मामलों में पुलिस ने अलग-अलग धाराओं का अपराध दर्ज किया है। आसपास के लोगों से पूछताछ और सीसीटीव्ही कैमरें की ममद से आरोपी की तलाश की जा रही है।