रायपुर

खटारा स्कूली बसों की पोल खुलने लगी
12-Apr-2026 10:07 PM
खटारा स्कूली बसों की पोल खुलने लगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 12 अप्रैल। नया शिक्षा सत्र शुरू होते ही खटारा स्कूली बसों की पोल खुलने लगी है। स्कूल संचालकों की ढिलाई लापरवाही से  बसों का मेंटेनेंस न होने से बच्चों की जान पर बन आई हैं। कल एक ऐसा ही हादसे में बच्चे बाल बाल बच गए।

 खरोरा स्थित हॉली हार्ट स्कूल के बच्चों को घर छोडऩे जा रही स्कूल बस का पिछला गेट अचानक टूटकर सडक़ पर जा गिरा । इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई, हालांकि स्थानीय लोगों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया और बच्चों की जान बाल-बाल बच गई।  बस में नर्सरी और प्रायमरी कक्षाओं के 15-20 छोटे छोटे बच्चे सवार थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गेट टूटते ही बस के पीछे चल रहे लोगों ने तुरंत आगे बढक़र बस को रुकवाया। यदि समय रहते बस को नहीं रोका जाता तो कोई गंभीर दुर्घटना हो सकती थी, क्योंकि बस में स्कूली बच्चे सवार थे। इस घटना के बाद बच्चों और उनके परिजनों में भय और चिंता का माहौल है। परिजनों ने स्कूल प्रशासन और बस संचालन व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि स्कूल बसों की नियमित जांच और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिससे बच्चों की जान जोखिम में पड़ सकती है।  स्थानीय लोगों ने भी इस घटना को गंभीर लापरवाही बताया है और मांग की है कि स्कूल बसों की तकनीकी जांच नियमित रूप से की जाए। साथ ही जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद प्रशासन और पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि स्कूल बसों की फिटनेस और सुरक्षा जांच में ढिलाई बरती जा रही है, जिससे इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं।


अन्य पोस्ट