रायपुर

क्रेस्ट ग्रीन्स के रहवासियों का बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन
12-Apr-2026 9:57 PM
क्रेस्ट ग्रीन्स के रहवासियों का बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 12 अप्रैल। रामनगर कोटा स्थित क्रेस्ट ग्रीन्स आवासीय परिसर के रहवासियों ने रविवार को बिल्डर डेवलपर के खिलाफ प्रदर्शन किया। सोसायटी के अध्यक्ष विनय अग्रवाल ने बताया कि बिल्डर द्वारा नगर निगम से सोसाइटी का कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र प्राप्त कर लिया गया है, लेकिन आज दिनांक तक सोसाइटी को विधिवत हैंडओवर नहीं किया गया है, जबकि मेंटेनेंस का पूरा कार्य सोसाइटी द्वारा ही किया जा रहा है। नियमानुसार सोसाइटी की सभी साझा सुविधाएं जैसे क्लब हाउस, रोड-रास्ते, गार्डन, मंदिर आदि को सोसाइटी के नाम पर ट्रांसफर किया जाना आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि बिल्डर द्वारा सोसाइटी की बाउंड्री वॉल तोडक़र इसे अपने नए फेज से जोडऩे का प्रयास किया जा रहा है, जो कि गंभीर चिंता का विषय है। इससे हमारी मौजूदा सुविधाओं पर अत्यधिक दबाव पड़ेगा और सुरक्षा व व्यवस्था पर भी विपरीत प्रभाव पड़ेगा।

इस  पर आपत्ति जताने पर बिल्डर द्वारा रहवासियों को डराने-धमकाने, झूठे केस में फंसाने की बात करना तथा असामाजिक तत्वों के माध्यम से दबाव बनाना अत्यंत गंभीर स्थिति है। ऐसे तत्वों द्वारा सोसाइटी में अनाधिकृत प्रवेश कर संपत्ति को नुकसान पहुँचाने की घटनाएं भी सामने आई हैं। इन सभी घटनाओं की लिखित शिकायत संबंधित थाने में भी की जा चुकी है, परंतु अभी तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई है।


अन्य पोस्ट