रायपुर

बस स्टैंड में पार्किंग कर्मियों की गुंडागर्दी, युवक पर रॉड से हमला
09-Apr-2026 8:31 PM
बस स्टैंड में पार्किंग कर्मियों की गुंडागर्दी, युवक पर रॉड से हमला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 9 अप्रैल। भाठागांव बस स्टैंड में पार्किंग स्टाफ की गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। यहां पार्किंग शुल्क देने के बाद पर्ची मांगने पर एक युवक के साथ मारपीट कर दी गई।

मिली जानकारी के अनुसार, सोनडोंगरी निवासी खिलेंद्र जाटवर बुधवार रात करीब 8.30 बजे काम से कोंडागांव जाने के लिए बस स्टैंड पहुंचा था। उसने अपनी बाइक पार्किंग में खड़ी कर 60 रुपये शुल्क दिया। जब उसने पार्किंग की पर्ची मांगी, तो वहां मौजूद कर्मचारियों ने पर्ची देने से इनकार कर दिया। पार्किंग कर्मी यशु मानिकपुरी, धनेश्वर पाल और उनके साथियों ने एक राय होकर खिलेंद्र के साथ गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने युवक को जान से मारने की धमकी देकर रॉड, हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। हमले में खिलेंद्र  को पीठ, हाथ और पैर में चोटें आईं।

घायल अवस्था में उसने टिकरापारा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 119(1) और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बस स्टैंड परिसर में अवैध पार्किंग और वसूली का यह मामला नया नहीं है। यहां अक्सर पार्किंग को लेकर  इस प्रकार की शिकायतें सामने आती रहती हैं। पुलिस की कार्रवाई के बाद लडक़े पार्किंग शुल्क को लेकर यात्रियों के साथ बदसलुकी करते हैं।


अन्य पोस्ट