रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 अप्रैल। शहर के चर्चित हाइपर क्लब में बुधवार देर रात जमकर हंगामा हुआ। इस क्लब में पहले भी मारपीट, आधी रात बाद तक शराब ड्रग्स परोसने के मामले होते रहे हैं। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
तेलीबांधा पुलिस के अनुसार वीआईपी रोड स्थित हाइपर क्लब में युवक-युवतियों का एक समूह पहुंचा। क्लब में पार्टी के दौरान एक युवक ने एक-दो युवतियों को ‘हाय’ कहते हुए हाथ पकड़ा।ये युवतियां उत्तर पूर्व राज्यों की हैं। इस बात पर युवतियों के साथ आए युवकों ने विरोध जताया। इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हुई, जो कुछ ही देर में हाथापाई में बदल गई। इसी बीच किसी ने पुलिस को फोन कर दिया। पुलिस पहुंचते ही दोनों पक्ष बाहर निकल आए और पार्किंग में ही एक-दूसरे को गालियां देते हुए धक्का-मुक्की करने लगे। पुलिसकर्मियों के सामने ही युवक-युवतियां आपस में भिड़ते रहे। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। पुलिस ने युवतियों की रिपोर्ट पर युवक को गिरफ्तार कर लिया है। यह युवक नशे में धुत था।